महराजगंज, सुमित्रा की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
महराजगंज। अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। भाई ने कथित डॉक्टर पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया। पीड़ित की तहरीर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया है। ब्लाॅक के मया गांव निवासी विनोद पटेल ने बताया वह 21 जुलाई की रात 8 बजे उल्टी की शिकायत होने पर अपनी बहन सुमित्रा (24) को इलाज के लिए बंधवा बाजार(बंधवा बाजार आधा जौनपुर तो आधा प्रतापगढ़ जनपद में है) प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली के सलाहपुर क्षेत्र स्थित सूर्या सेवा नर्सिंग होम ले गए।
वहां डॉ. मुरारी लाल उर्फ राजू वर्मा ने बहन को एडमिट कर उसका इलाज शुरू किया। बहन की तबीयत बिगड़ने लगी तो मैंने उसे रेफर करने के लिए कहा। डॉ. मुरारी लाल ने कहा सुबह तक ठीक हो जाएगी, कहीं ले जाने की जरूरत नहीं है। बुधवार की सुबह 7:30 बजे बहन की मौत हो गई। इस पर डॉ. मुरारी लाल ने कहा इलाज के लिए आप जौनपुर ले जाइए। मेरी आर्थिक असमर्थता व्यक्त करने पर उन्होंने पैसा व गाड़ी की व्यवस्था करने की बात कही।
बहन की मौत की मुझे जानकारी हुई तब तक डॉक्टर वहां से भाग गए। विनोद ने कहा कि कथित डॉक्टर के गलत इलाज के कारण ही मेरी बहन की मौत हुई है। पुलिस मेरी प्राथमिकी नहीं दर्ज कर रही है। पट्टी कोतवाली प्रभारी आनंदपाल सिंह ने बताया पीएम रिपोर्ट के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सुमित्रा की मौत के बाद मां फूल कुमारी, बड़े भाई विनोद कुमार, भाभी मंजू देवी, छोटे भाई रवि का रो- रो कर बुरा हाल है। इस मौके पर ग्राम प्रधान विनोद कुमार सहित ग्रामीणों की भीड़ मौजूद है।
मौके पर पहुंचे उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आजाद अहमद ने कहा बेसमेंट में चल रहे अस्पताल को सील कर दिया। कहा कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह अस्पताल डॉक्टर बीएल वर्मा के नाम पर पंजीकृत है।
डॉ. बी.एल. वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पॉइजनिंग का प्रतीत होता है। उनका कहना है कि अस्पताल उनके नाम पर पंजीकृत है, लेकिन युवती के उपचार के दौरान वह वहां मौजूद नहीं थे।