गाजीपुर। शहर के पुलिस लाइन स्थित इंडोर स्टेडियम में 31वीं अंतर जनपदीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। इसमें वेटलिफ्टिंग पुरुष वर्ग में गाजीपुर ने 105 अंक प्राप्त कर बाजी मार ली। वाराणसी की टीम 35 अंक पाकर उप विजेता रही। सर्वश्रेष्ठ पुरुष योग खिलाड़ी वाराणसी के चंद्रेश पटेल और महिला वर्ग में गाजीपुर की राधा यादव सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनीं।
पॉवर लिफ्टिंग पुरुष वर्ग में भदोही 130 अंक प्राप्त कर विजेता तथा मऊ की टीम 60 अंक प्राप्त कर उपविजेता रही। वेटलिफ्टिंग महिला वर्ग में गाजीपुर ने 110 अंक प्राप्त कर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। जबकि 55 अंक पाकर जौनपुर उप विजेता तथा पावर लिफ्टिंग महिला वर्ग में जौनपुर 60 अंक प्राप्त कर विजेता एवं भदोही की टीम 50 अंक प्राप्त कर उप विजेता रही।
योग पुरुष वर्ग में गाजीपुर विजेता और सोनभद्र उप विजेता रहा। योग महिला वर्ग में गाजीपुर की टीम विजेता तथा जौनपुर की टीम उप विजेता रही। टीम चैंपियनशिप योग (ग्रुप) महिला वर्ग में गाजीपुर की राधा यादव, प्रिया सिंह एवं आकांक्षा बौद्ध पहले और जौनपुर की स्मिता, राखी एवं आरती को दूसरा स्थान मिला।
टीम चैंपियनशिप योग (ग्रुप) पुरुष वर्ग में गाजीपुर के माताप्रसाद, आशुतोष यादव, संजीव कुमार, शोभनाथ सरोज तथा हर्षप्रताप सिंह प्रथम एवं सोनभद्र के मनोज यादव, संतोष, तारिक खान, तौसीफ खान एवं विकास राज को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। योग ट्रेडिशनल में बलिया के अजीत यादव पहले तथा गाजीपुर के राजकुमार द्वितीय रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में पुलिस अधीक्षक डाॅ. ईरज राजा ने विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। इस मौके पर कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।