सेवराई। स्थानीय बस स्टैंड पर ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग पर चढ़ने के दौरान एक ट्रक का सेल्फ खराब हो गया। इस कारण करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे जमानिया से आ रहा एक ट्रक भदौरा मोड़ के पास ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग पर चढ़ते ही उसका सेल्फ अचानक खराब हो गया। इस कारण ट्रक सड़क के बीच में रुक गया। काफी मशक्कत के बाद भी ट्रक ठीक नहीं हो पा रहा था जिसके कारण करीब एक किलोमीटर दूर तक ट्रकों की लंबी कतार लग गई। इसके चलते छोटे दो पहिया और तिपहिया वाहनों को दूसरे मार्गो से आना-जाना पड़ा। मैकेनिक द्वारा काफी मशक्कत के बाद ट्रक को ठीक किया गया तब जाकर करीब 12 बजे आवागमन सुचारू हुआ। इस बाबत सेवराई चौकी इंचार्ज ओमकारनाथ तिवारी ने बताया कि सड़क के बीचो बीच एक ट्रक खराब हो गया था। इस कारण जाम की स्थिति बन गई थी। उसे ठीक कराकर यातायात सुचारू कर दिया गया।