गाजीपुर। जिला उद्योग बंधु एवं स्वरोजगार बंधु की बैठक राइफल क्लब के सभागार में बुधवार को हुई। बैठक में अक्तूबर माह में विद्युत भार स्वीकृति के लिए प्रेषित आवेदन पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का विद्युत भार स्वीकृत कर दिया गया है।
बैठक में बताया गया कि एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम में प्राप्त लक्ष्य 40 के सापेक्ष छह आवेदन स्वीकृत तथा एक वितरित किया गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में लक्ष्य 56 के सापेक्ष 28 आवेदन पत्र आनलाइन स्वीकृत तथा 10 वितरित है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में लक्ष्य 158 के सापेक्ष 22 आवेदन स्वीकृत तथा चार वितरित किया गया है। स्टैंड अप इंडिया योजना
में लक्ष्य 568 के सापेक्ष विभिन्न योजनाओं में कुल 14 आवेदन पत्र स्वीकृत एवं दो वितरित किए गए। हस्त शिल्प कौशल उन्नयन एवं निर्यात बाजार के लिए डिजाइन वर्कशाप योजना की समीक्षा में बताया गया कि इसके लिए प्रशिक्षण चल रहा है जिसमें वाल हैगिंग का छह माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में लक्ष्य 11 के सापेक्ष 37 आवेदन विभिन्न बैंक शाखाओं में प्रेषित है जिसमें एक आवेदन पत्र स्वीकृत कर वितरित किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने बैंक से संपर्क कर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला एवं संबंधित जनपदीय अधिकारी एवं उद्यमी एसके दूबे, जयकिशन साहू, वशिष्ट सिंह यादव आदि उपस्थित थे।