संदिग्ध अवस्था में रिटायर्ड फौजी का एक लाख 25 हजार गायब
अमर उजाला ब्यूरो
दुल्लहपुर/बिरनो। बिरनो थाना क्षेत्र के मलेठी गांव के पास गुरुवार को दिन में बाइक में लगी कपड़े की डिकी से एक लाख 25 हजार गायब हो गया। पीड़ित ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
पीड़ित दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के केसरुआ गांव निवासी रिटायर्ड फौजी नरेंद्र मिश्रा के अनुसार वह गुरुवार को अपने बेटे शुभम के साथ गाजीपुर मिश्रबाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक से ढाई लाख रुपया निकाले। यहां पर एक लाख रुपया देकर बेटे शुभम को बाइक खरीदने के लिए मऊ भेज दिया। पांच सौ की एक गड्डी से दस हजार निकालकर शेष एक लाख 25 हजार बाइक में लगे कपड़े की डिकी में रखकर घर के लिए चल दिया। जंगीपुर बाजार में केला खरीदकर डिकी में रखा तो उस समय पैसा था। दिन में करीब 12 बजे जब मलेठी मोड़ पर उतरकर एक दुकान पर पानी पीने गया तो पानी पीने के दौरान अचानक ख्याल आने पर देखा तो डिक्की से पैसा गायब था। उसने कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस संबंध में दुल्लहपुर थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। ऐसा भी हो सकता है कि पैसा बैग से कहीं गिर गया हो। पीड़ित ने नौ घंटा बाद घटना की सूचना दी थी। मैं मौके पर पहुंचा था और मामले की छानबीन की थी। घटनास्थल बिरनो थाना क्षेत्र में आता है। इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष अब्दुल वसीम खान ने कहा कि इस संबंध में न तो किसी ने कोई सूचना ही दी है और न ही तहरीर। तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरु की जाएगी।