गाजीपुर। शहर के पीजी कालेज एवं स्वामी सहजानंद पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के तहत गुरुवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में दोनों महाविद्यालय के साढ़े बारह हजार से ज्यादा छात्र मतदाता कुल 57 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान के बाद मतों की गणना कराकर परिणाम घोषित कर नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। महाविद्यालयों में चुनाव की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. समरबहादुर सिंह ने बताया कि महाविद्यालय में दस पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री के अलावा विभिन्न संकायों कला, विज्ञान, कृषि, वाणिज्य, शिक्षा एवं शारीरिक संकाय के प्रतिनिधि पद के लिए कुल 33 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में 9238 छात्र मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 27 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के बाद मतों की गणना कराई जाएगी। इसके बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। स्वामी सहजानंद पीजी कालेज के चुनाव अधिकारी डा. रामनगीना सिंह यादव ने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री, कला एवं वाणिज्य संकाय के प्रतिनिधि पद के लिए 24 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 3625 छात्र मतदाता करेंगे। इसमें 2344 छात्र एवं 1281 छात्राएं हैं। मतदान के लिए दस बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह आठ से दिन में एक बजे तक मतदान एवं उसके बाद मतगणना कराई जाएगी। परिणाम की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। बताया कि चुनाव में नियमित छात्र ही मतदान में हिस्सा ले सकते हैं। मतदान के दिन सभी मतदाताओं को वैध परिचय पत्र तथा शुल्क रसीद की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा। दोनों ही महाविद्यालय में चुनाव की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।