दिलदारनगर। खंड शिक्षा अधिकारी भदौरा पर अनियमितता के आरोप के बाद जिलाधिकारी द्वारा जांच के आदेश के बाद दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किया गया। बुधवार को जांच करने आए खंड शिक्षा अधिकारी रेवतीपुर प्रभाकर यादव ने ब्लाक के चार विद्यालयों की जमीनी हकीकत जानी।
भदौरा ब्लाक के सेवराई गांव निवासी भानू सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी पर सुविधा शुल्क लेकर मान्यता दिलाने, गैर मान्यता के विद्यालयों को चलवाने आदि अनियमितता की शिकायत जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित तहसील दिवस पर देते हुए निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। चेतावनी दिया था कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आत्मदाह करने पर मजबूर होना पड़ेगा। आनन-फानन में जिलाधिकारी ने तत्काल जांच का आदेश जारी करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच कमेटी गठित कर जांच का आदेश दिया। इस क्रम में आज जांच की गई। जांच अधिकारी खंड शिक्षाधिकारी प्रभाकर यादव ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता पायी गयी है। कुछ विद्यालयों में मान्यता तो है लेकिन मानक बिल्कुल नहीं है। कुछ जगह प्राथमिक विद्यालय की मान्यता है लेकिन वहां इंटर तक की कक्षाएं चलायी जा रही है। कुछ बिना मान्यता के भी विद्यालय चलाए जा रहे हैं जो बिल्कुल गलत है।