गाजीपुर। सेंट्रल बार एसोसिएशन की बैठक गुरुवार को हुई। इसमें अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह को फर्जी ढंग से आपराधिक मामले में फंसाए जाने की निंदा की गई। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से भी विरत रहे। मांग किया कि इस मामले से अधिवक्ता का नाम जल्द से जल्द निकाला जाए।
वक्ताओं ने कहा कि कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सुकहा गांव में हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। उस मामले में उक्त अधिवक्ता एक पक्ष से मुकदमा लड़ रहे थे। बाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने आपराधिक मामले में इनका नाम भी थाने में दर्ज करा दिया। इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से भी मिला था। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज के एक सशक्त स्तंभ होते हैं उनके साथ इस तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। इसक मौके पर अनिल सिंह, मनोज श्रीवास्तव, श्यामसुंदर तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, जगत मोहन बिंद, अरिमर्दन सिंह, अवधेश सिंह यादव, सतेंद्र कुमार सिंह आदि अधिवक्ता उपस्थित थे। अध्यक्षता फारुक अहमद खां तथा संचालन अजय कुमार सिंह ने किया।