मुहम्मदाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद के चिकित्सक के साथ बदसलूकी करने वाले असम राइफल के जवान सहित दो आरोपियों को बुधवार को चालान कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
मालूम हो कि बीते सोमवार की रात करीब 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद में हरिहरपुर गांव के एक मरीज को इलाज के लिए लेकर कुछ लोग पहुंचे थे। इस दौरान इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डा. आकाश यादव के साथ बदसलूकी की थी। पीड़ित चिकित्सक ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि हरिहरपुर के मरीज के साथ चार लोग आए थे। उसमें कुछ लोगों ने शराब पी रखी थी। शराब के नशे में असम राइफल के जवान रणजीत पासवान एवं उसके साथी रामलखन निषाद ने हमारे साथ बदसलूकी की। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों असम राइफल के जवान रणजीत पासवान और उसके साथी रामलखन निषाद को मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में चालान कर बुधवार को जेल भेज दिया। उधर आरोपियों का कहना था कि डाक्टर हास्पिटल में न बैठकर अपने आवास पर प्रैक्टिस करते हैं। इमरजेंसी सिर्फ कागजों में चलती है। डाक्टरों द्वारा रात में मरीजों का इलाज करने से साफ मना कर दिया जाता है।