मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के जफरपुरा मोहल्ला स्थित देशी शराब की दुकान पर बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने बृहस्पतिवार को देर रात तमंचे से आतंकित 46 हजार नकद और दो पेटी शराब लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने दो सेल्समैनों को तमंचे की मुठिया से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। घायलों के शोर मचाने पर जब तक आस-पास के लोग पहुंचते, लुटेरे फरार हो गए। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन के दौरान मौके से एक कारतूस व तमंचे का पिन बरामद किया। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। सैदपुर निवासी पंकज सिंह की जफरपुरा मोहल्ले में देशी शराब की दुकान है। बृहस्पतिवार को देर रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे और सेल्समैन राजनारायण को तमंचा सटाकर दुकान में ले गए। इसके बाद बिक्री बाक्स में रखे 46 हजार नकद और दो पेटी शराब लेकर जाने लगे। विरोध करने पर लुटेेरे तमंचे की मुठिया से प्रहार कर सेल्समैन वीरेंद्र सिंह और राजनारायण यादव को घायल कर फरार हो गए। घायल सेल्समैनों के शोर मचाने पर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन के दौरान एक कारतूस व तमंचे का पिन बरामद किया। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।