फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजीपुर: डेढ़ लाख रुपये जीतने के बाद विवाद, ग्राम प्रशासक ने मजदूर को मारी गोली; मौत

Wed, 11 Nov 2026 11:40 AM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर

सार

गाजीपुर के मोहांव गांव में जुआ देखने के दौरान हुए विवाद में ग्राम प्रशासक संजय बिंद ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से मजदूर अजय की मौत हो गई, जबकि राजमिस्त्री घायल हो गया। आरोपी ने मंगलवार को तख्ती लेकर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया।
 
विज्ञापन
गाजीपुर गोलीकांड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव के पास पासीपुरवा में सोमवार रात जुआ देखने पहुंचे मजदूर अजय कुमार (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बकराबाद के ग्राम प्रशासक संजय बिंद ने पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की। इसमें अजय के पेट में गोली लगी, जबकि राजमिस्त्री सुरेंद्र राम (35) के दाहिने हाथ में गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर आरोपी संजय बिंद 'मैं आत्मसमर्पण कर रहा हूं' लिखी तख्ती लेकर सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

विज्ञापन


घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर 1:40 बजे महरागंज कट के पास गाजीपुर-भरौली मार्ग जाम कर दिया। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने पर दोपहर 3:40 बजे जाम समाप्त हुआ।

डेढ़ लाख रुपये जीतने के बाद हुआ विवाद
एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा के अनुसार, मोहांव गांव निवासी श्रीराम ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात उनका भतीजा अजय कुमार गांव के चंद्रजीत, सौरभ, शिवा, श्याम और धर्मेंद्र सहित अन्य लोगों के साथ पासीपुरवा तालाब के पास गया था। वहां इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम भी मौजूद थे। कुछ लोग बैठे थे तो कुछ खड़े होकर जुआ देख रहे थे।
विज्ञापन


इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे बकराबाद निवासी ग्राम प्रशासक संजय बिंद कुछ लोगों के साथ पहुंचा। उसने पिस्टल दिखाकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद खड़े लोगों को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली अजय के पेट में और दूसरी सुरेंद्र के दाहिने हाथ में लगी। गोली चलते ही मौके पर भगदड़ मच गई।

सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग चुका था। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया।

Trending Videos
विज्ञापन

एनकाउंटर के डर से तख्ती लेकर पहुंचा कोतवाली
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे आरोपी संजय बिंद सदर कोतवाली पहुंचा। उसके हाथ में एक तख्ती थी, जिस पर 'मैं संजय बिंद आत्मसमर्पण कर रहा हूं' लिखा था। उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटनास्थल पर जुआ खेलते हुए उसने डेढ़ लाख रुपये जीते थे। जीत की रकम छीनने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पिस्टल से गोली चला दी। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी मनबढ़ किस्म का है। उसके खिलाफ पहले से तीन प्राथमिकी दर्ज हैं।

माता-पिता का इकलौता बेटा था अजय, तीन साल की बेटी
मोहांव गांव निवासी अजय कुमार तीन बहनों में इकलौते भाई थे। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी अर्पणा और तीन साल की बेटी लाडो है। बेटे की मौत के बाद माता-पिता, पत्नी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मंगलवार को पत्नी अर्पणा ने एसपी सिटी के सामने रोते हुए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

जाम खुलने के बाद भी गांव में पुलिस तैनात
हत्या के बाद ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल, मृतक के घर और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

मृतक अजय का पोस्टमार्टम बीएचयू में कराया गया। इसके बाद शव गांव के लिए रवाना किया गया। अंतिम संस्कार तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम सतर्क रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें