गाजीपुर। अगले साल 2026 में अप्रैल-मई में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और नए मतदाताओं को शामिल करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए 1783 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन सुनिश्चित करना चाहता है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने का कार्य 29 सितंबर तक पूरा किया जाएगा। जबकि ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन फॉर्मों की जांच के लिए बीएलओ 23 से 29 सितंबर तक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पते और अन्य विवरणों की सटीकता की जांच की जाएगी। इसके बाद, निर्वाचक गणना पत्रक के आधार पर मतदाता सूची में परिवर्तन, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया शुरू होगी। हस्तलिखित पांडुलिपि को सहायक निर्वाचक अधिकारी (पंचायत) के कार्यालय में जमा करने की अवधि 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक निर्धारित की गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूचियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपियां तैयार करने का कार्य 7 अक्तूबर से 24 नवंबर तक चलेगा। इस प्रक्रिया में मतदाता सूची को डिजिटल रूप में तैयार किया जाएगा।