गाजीपुर। सदर कोतवाली अंतर्गत हमीद सेतु से बुधवार की सुबह एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। घटना के बाद सेतु पर आवागमन करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बिलखने लगे। पुलिस ने गोताखोरों से युवक की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका।
नगर के रुईमंडी मुहल्ला निवासी नरेश गुप्ता का पुत्र रवि गुप्ता (22) हमीद के पास सड़क किनारे मुंगफली बेचता था। वह बुधवार की सुबह करीब सात बजे घर से निकल गया। प्रत्यक्षदक्षियों की माने तो वह करीब आठ बजे पैदल हमीद सेतु के बीच में पहुंचा और रेलिंग पर बारी-बारी खड़ा होकर सेतु के दोनों तरफ गंगा को देखा। इस दौरान उस पर कुछ लोगों की नजर पड़ी तो सोचा कि शायद गंगा पर बन रहे नए पुल को देख रहा था। इसी दौरान युवक ने अपना हाथ का दस्ताना निकालकर रेलिंग पर रखा दिया और चप्पल उतार दिया। इस पर लोगों को कुछ संदेह हुआ, लोग युवक को पास पहुंच पाते या कुछ कह पाते, उससे पहले ही उसने गंगा में छंलाग लगा दिया। इससे सेतु पर आवागमन करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। दर्जनों लोग रेलिंग पर खड़ा होकर पानी में युवक को देखने लगे, लेकिन वह पानी के नीचे चला गया था। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही दूरी पर स्थित रजंगाज चौकी पर मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों से युवक की तलाश शुरु करा दिया। जानकारी होते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और चीखने-चिल्लाने लगे। माजूद लोग उन्हें सांत्वना देने में जुट गए। घटना को लेकर लोगों में चर्चा होती रही कि रवि ने अपने परिचित से किसी को ब्याज पर पैसा दिलाया था, उक्त व्य क्ति द्वारा पैसा देने को लेकर वह परेशान रहता है। शाम साढ़े तीन बजे तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका था। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धननंजय मिश्रा ने बताया कि गोताखारों के माध्यम से जाल डालकर युवक की तलाश कराई जा रही है।