खानपुर। थाना क्षेत्र के करमपुर स्थित प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय परिसर में बंद छुट्टा पशुओं को लेकर पुलिस और महिलाओं के बीच सोमवार को घंटों नोकझोंक हुई। काफी मशक्कत के बाद विद्यालय से पशुओं को बाहर कराया गया।
छुट्टा जानवरों से परेशान होकर ग्रामीणों ने रविवार की रात विद्यालय की चहारदीवारी के गेट का ताला तोड़कर मवेशियों को स्कूल में बंद कर दिया। सोमवार को सुबह विद्यालय पहुंचे अध्यापकों ने देखा कि परिसर में मवेशी भरे पड़े हैं। यह देख शिक्षकों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष सुनील सिंह को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और वहां खड़े ग्रामीणों को हटाकर मवेशियों से विद्यालय परिसर को खाली कराया। पुलिस के जाते ही फिर किसानों की ओर से महिलाओं ने मोर्चा संभाला और दर्जनों पशुओं को लेकर स्कूल में घुसाने का प्रयास करने लगे। पुलिस के समझाने पर महिलाएं विरोध करने लगी। इसके बाद शिक्षकों ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही नायाब तहसीलदार राहुल सिंह, बीडीओ दिनेश मौर्या मौके पर पहुंचे और नारेबाजी कर रही महिलाओं और किसानों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद जानवरों को विद्यालय परिसर से हटवाकर खाली कराया।