गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरवा मुहल्ला स्थित आरटीआई मैदान में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज परिसर में अस्थायी पानी की टंकी बनने के साथ ही सोमवार की देर शाम उसकी एक दीवार भरभरा कर गिर गई। उसके मलवे में दबकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वाकया उस समय हुआ जब दोनों बच्चे टंकी के पास पानी पीने के लिए गए थे। घायल बालक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया। घटना के बाद मजदूरों में शोक की लहर दौड़ गई है। कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। घटना की जानकारी काफी देर तक जनपद के आला अफसरों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तक को नहीं लगी थी। यहां ठेकेदार से लेकर इंजीनियर तक गायब हो गए हैं। भयवश कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
नगर के मोहनपुरवा मुहल्ला स्थित आरटीआई मैदान में मेडिकल कालेज के निर्माण का कार्य महीनों से चल रहा है। यह कार्य कसाना बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इस कार्य में सैकड़ों महिला-पुरुष मजदूर लगे हुए हैं। परिसर में मजदूरों को नहाने एवं पानी पीने के लिए रविवार को अस्थायी टंकी का निर्माण कराया गया था। जिसका प्लास्टर सोमवार की सुबह हुआ था। टंकी की दीवारें और सीमेंट अभी पक्क नहीं पाया था। सोमवार की शाम को करीब साढ़े पांच बजे मजदूरों के कुछ बच्चों ने मोटर चालू कर दिया, जिससे टंकी में पानी जाने लगा। बच्चे टंकी में लगी टोटी से पानी पीने के लिए खोलने लगे। मजदूरों को भी इसकी जानकारी नहीं हुई कि बच्चों ने मोटर चालू कर दिया है। इसी दौरान पानी के दबाव से टंकी की दीवार गिर पड़ी, जिसमें मध्यप्रदेश के महोवा छतरपुर निवासी मुकेश चौरसिया का पुत्र अनुराग चौरसिया (06) और मध्य प्रदेश के सिवली जिला के किनरयी थाना निवासी छनक लाल का पुत्र सत्येंद्र (14) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोग बच्चों को लेकर जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने अनुराग को मृतक घोषित कर दिया। जबकि गंभीर हालत को देखते हुए सत्येंद्र को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस दुर्घटना से मजदूरों में शोक व्याप्त हो गया। घटना को लेकर वह भयभीत थे और कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे।