सैदपुर। नगर के वीर अब्दुल हमीद नगर में बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाकर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान शुभारंभ किया। बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाने के लिए सरकार की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान सात कार्य दिवस व चार चरणों दो दिसंबर, छह जनवरी, तीन फरवरी, दो मार्च में चलाया जाएगा। इस दौरान टीकाकरण से परहेज कर रहे 18 परिवारों के बच्चों को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या ने जागरूक कर टीकाकरण करवाया।
विशाल सिंह ने कहा कि टीकाकरण करवाने से पोलियो, काली खांसी, डिप्थीरिया, टिटनेस, मीजल्स, रूबेला, रोटा वायरस, मस्तिष्क बुख़ार आदि से बचाव के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। सीएमओ डा. जीसी मौर्य ने बताया कि नवजात शिशुओं और बच्चों में होने वाली जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए संपूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार नवजात शिशुओं और बच्चों को इन बीमारियों से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जनपद के तीनों ब्लाकों मोहम्मदाबाद, गोडउर और सैदपुर में अभियान की शुरुआत की गयी। इसके लिए तहसील और ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स टीम बनाई जा चुकी है। इन तीनों ब्लाकों में आशाओं द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया गया जिसमें जन्म से लेकर दो वर्ष तक के बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं को खुराक दी जाएगी। अभियान के लिए दो वर्ष तक के 1,231 बच्चों एवं 80 गर्भवती महिलाओं को चिह्नित किया गया है। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आर के सिन्हा, डब्लूएचओ के एसएमओ डा पंकज सुथार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।