नगर में इन दिनों समय से कूड़ा नहीं उठ रहा है। ऐसे में तेज धूप के चलते सड़न से उठ रहा दुर्गंध लोगों को मुश्किल में डाल रहा है। विभिन्न वार्डों से प्रतिदिन 40 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। स्थिति यह है आमघाट गांधी पार्क, पहाड़ खां पोखरा, सकलेनाबाद, महुआबाग से मिश्रबाजार जाने वाला मार्ग, सैय्यदबाड़ा, लंका, सिटी रेलवे स्टेशन से फुल्लपुर जाने वाले मार्ग के किनारे सहित करीब एक दर्जन जगहों पर कचरा का ढेर शाम तक डंप रहता है। यहीं नहीं नपा कर्मियों द्वारा दोपहर में कूड़ा उठाए जाने से जहां जाम की समस्या बनी रहती है। वहीं उनके द्वारा कूड़ा सुखदेवपुर चौराहे के पास ले जाकर डंप किया जा रहा है। जबकि आदर्श बाजार के आगे कूड़ा डंप करने स्थान निर्धारित होने के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सुबह नौ बजे के बाद ही नपा कर्मी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर कूड़ा उठाने के लिए निकलते हैं, लेकिन कार्य में लापरवाही के चलते कूड़ा जस का तस यहां वहां पड़ा रहता है। ऐसे में तेज धूप के चलते सड़क किनारे डंप पर कूड़े से सड़न के चलते दुर्गंध उठाना शुरू हो जाता है। यहीं नहीं सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं द्वारा कूड़ों को तितर- बितर किए जाने से मार्ग से होकर आवागमन करने वाले लोगों को गिरकर घायल होने का भय बना रहता है।
सबसे बड़ी बात तो यह है कि नपा प्रशासन कूड़ा- कचरा की साफ-सफाई को लेकर ठोस कदम उठाने का दावा करता है, जबकि हकीकत कुछ अलग ही बयां करती है। सिटी रेलवे स्टेशन से फुल्लनपुर जाने वाले मार्ग के किनारे लगा कूड़े का ढेर तो लंबे समय तक जमा रहता है, लेकिन इसको हटाने का जहमत शायद नपा कर्मियों द्वारा उठाया जाता हो, ऐसे उस मार्ग पर चलने वाले लोगों और आस-पास के दुकानदारों को दुर्गंध का सामना तो करना ही पड़ता है। वहीं संक्रामक रोग के फैलने का भी खतरा बना रहता है। यहीं स्थिति अन्य प्रमुख स्थानों की है, जहां कूड़ा डंप हुए कई दिन बीत जाते हैं, लेकिन नपा द्वारा साफ-सफाई को लेकर कोई सार्थक कदम नहीं उठाया जाता है।
जमानिया तिराहे से हमीद सेतु पुल तक डंप हो रहा कूड़ा
गाजीपुर। नगर के विभिन्न वार्डों से निकलने वाला कूड़ा इन दिनों जमानिया तिराहे से लेकर हमीद सेतु पुल से पहले सुखदेवपुर चौराहे के पास डंप करने का काम किया जा रहा है। सड़क के दोनों तरफ कूड़ा डंप करके उसमें आग भी लगा दिया जा रहा है। ऐसे में उससे उठने वाला विषैला धुआं लोगों के स्वास्थ्य पर काफी असर डाल रहा है। जबकि वहां कूड़ा डंप न करने को लेकर पिछले दिनों ग्रामीणों ने जहां आक्रोश व्यक्त किया था। वहीं उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया था। न्यायालय के सख्त के आदेश के बाद कुछ दिनों तक कूड़ा डंप करना बंद कर दिया गया था। एक बार फिर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कूड़ा डंप करने का दावा हवाहवाई
गाजीपुर। नपा की ओर से विभिन्न वार्डों से निकलने वाले कूड़े को डंप करके उसके निस्तारण के लिए आदर्श बाजार के आगे सड़क किनारे स्थान चिन्हित किया गया। साथ ही वहां कूड़ा डंप करने की कुछ दिन तक प्रक्रिया चली है। इसके बाद अब कूड़ा इधर उधर डंप करने का काम शुरू कर दिया गया है। ऐसे में नपा का दवा हवाइवाई साबित हो रही है।
अब तक स्थापित न हो सका प्रोसेसिंग प्लांट
गाजीपुर। कूड़ा निस्तारण को लेकर छावनी लाइन में कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट अब तक स्थापित नहीं हो सका है। जबकि शासन द्वारा उसके स्थापित करने को हरी झंडी मिल चुकी है। बावजूद अब तक प्लांट स्थापित नहीं हो सका है। ऐसे में कूड़ा निस्तारण को लेकर स्थितियां जस की तस बनी हुई है।
कूड़ा डंप करने के लिए आदर्श बाजार के आगे स्थान निर्धारित है। साथ ही समय से कूड़ा-कचरा उठाने के लिए कर्मियों को निर्देशित किया गया है। इसमें लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- लालचंद्र सरोज, ईओ नगर पालिका परिषद गाजीपुर।