अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन में मैदान की गुणवत्ता और बारिश के बाद खेल दोबारा शुरू कराने की क्षमता अहम होती है। इस लिहाज से मैदान की तकनीकी तैयारियों का भी जायजा लिया गया। खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, पवेलियन, अभ्यास क्षेत्र और अन्य आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया।
खिलाड़ियों के वार्मअप और अभ्यास की व्यवस्था के साथ जिम, मेडिकल सुविधा तथा टीमों के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा। दर्शक दीर्घा में सीटिंग, प्रवेश और निकास की व्यवस्था व स्टेडियम में सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन के लिहाज से फ्लड लाइट, डिजिटल स्कोरबोर्ड, प्रसारण के लिए कैमरा प्लेटफॉर्म, कमेंट्री और मीडिया सेंटर जैसी व्यवस्थाएं भी महत्वपूर्ण हैं।
तैयारियों और निर्माण के अंतिम चरण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जय शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्घाटन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। निर्माण के साथ सुविधाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के बाद उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और रात नौ बजे रवाना हो गए। इस दौरान मेयर अशोक तिवारी, मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन, सीपी मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
30 नवंबर तक पूरा करना है फिनिशिंग का काम
स्टेडियम में निर्माण का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ हिस्सों में फिनिशिंग और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम बाकी है। जय शाह ने स्पष्ट किया कि इन कार्यों को पूरा करने के लिए 30 नवंबर की समयसीमा तय की गई है। दिसंबर में उद्घाटन के मद्देनजर किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए। उद्घाटन से पहले मैदान, खिलाड़ियों, दर्शकों और मैच संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम
गंजारी में 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जा रहा है। इसकी वास्तुकला में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को स्थान दिया गया है। स्टेडियम की फ्लड लाइट त्रिशूल के आकार की है, जबकि छत अर्धचंद्राकार बनाई गई है। मीडिया सेंटर की संरचना डमरू से प्रेरित है। मैदान में नौ मुख्य क्रिकेट पिच और अभ्यास के लिए पांच अतिरिक्त पिचें विकसित की गई हैं। स्टेडियम में आधुनिक ड्रेसिंग रूम, जिम, खिलाड़ियों के लिए अन्य सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय प्रसारण के अनुकूल व्यवस्थाएं भी बनाई गई हैं।