मौधा। क्षेत्र के राशन कार्ड धारकों को सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मार्च 2022 के बाद से अब तक पात्र कार्ड धारकों को नि:शुल्क वितरित होने वाला रिफाइंड, नमक और चना नहीं मिला है।
सैदपुर ब्लाक क्षेत्र में 41701 राशन कार्ड धारक हैं। जिसमें अंत्योदय कार्ड धारकों की संख्या 2575 और पात्र गृहस्थी योजना के कार्ड धारकों की संख्या 39126 है। हालत यह है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नमक, रिफाइंड तेल व चना उनको नहीं मिल रहा है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति देने वाली कंपनी ने अब तक इन सामान की उपलब्धता ही नहीं कराई है। जबकि कार्ड धारक आए दिन कोटे की दुकानों पर पहुंच कर वितरण की मांग कर रहे।
परवेज खान, सप्लाई इंसपेक्टर, सैदपुर ने कहा कि सामानों की आपूर्ति करने वाली संस्था ने इस बार देरी कर दी है। रिफाइंड तेल और चना आ चुका है। लेकिन नमक अभी तक नहीं आया है। पूरा सामान इकट्ठा होने पर वितरण करा दिया जाएगा।