गाजीपुर जिले के तीन ब्लाकों में स्थित प्राथमिक विद्यालयों में तैनात तीन शिक्षिकाओं तथा एक शिक्षक का टेट प्रमाण पत्र सत्यापन में फर्जी पाया गया। शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चारों शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया।
बीएसए श्रवण कुमार ने बताया कि जिले के भदौरा ब्लाक के सेवराई स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक सौरभ अवस्थी, सादात ब्लाक के मिर्जापुर प्रथम प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका रेनू यादव, जखनिया ब्लाक के विथरिया प्राथमिक विद्यालय में तैनात अंजलि यादव तथा चौजा खास प्राथमिक विद्यालय में तैनात रंजना यादव की ओर से लगाए गए वर्ष 2014 के टेट के अंक पत्रों का सत्यापन परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज की वेबसाइट से किया गया। इसके आधार पर ये टीईटी उत्तीर्ण नहीं पाए गए।
इसके बाद इन सभी को तीन बार नोटिस दिया गया, जिसका जवाब उनकी तरफ से नहीं दिया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए चारों को बर्खास्त कर दिया गया है। संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश देने के साथ ही वित्त एवं लेखाधिकारी को वेतन की रिकवरी करने का भी निर्देश दिया है।