फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: सड़क हादसों में वृद्ध सहित चार की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। जिले के विभिन्न थानाक्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में वृद्ध सहित चार लोगों की मौत हो गई। कार के धक्के से सरजूू चौबे (90), मवेशी से बाइक टकराने से सुशीला देवी (55), पिकअप के धक्के से साइकिल सवार चंद्रिका बनवासी (50) और भुनेश्वर चौहान (50) की एंबुलेंस के धक्के से मौत हो गई।
विज्ञापन

दुल्लहपुर : सोनहड़ा गांव स्थित स्टेट हाईवे पर मंगलवार को कार के धक्के से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि फायर ब्रिगेड वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सिखड़ी फायर स्टेशन पर तैनात फायर ब्रिगेड वाहन चालक अखिलेश दुबे गेलहना मौजा निवासी सरजूू चौबे (90) के साथ बाइक से ओड़राई स्थित शिव मंदिर पर दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 9:15 बजे सोनहड़ा गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में सरजू चौबे बाइक से उछलकर सड़क पर और बाइक चला रहे अखिलेश दुबे झाड़ियों में जा गिरे। कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने सरजू चौबे को मृत घोषित कर दिया। अखिलेश दुबे का उपचार चल रहा है। मृतक के भाई प्रभुनाथ चौबे ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार को चिह्नित किया जा रहा है।
बिरनो : पंचायत भवन के पास सोमवार की देर शाम सड़क किनारे बैठे जखनिया निवासी भुनेश्वर चौहान (50) की एंबुलेंस से कुचलकर मौत हो गई। भुनेश्वर बीते चार वर्षों से अपने जीजा नरसिंह चौहान के घर रहकर ताला-चाबी मरम्मत का काम करते थे। उधर, गोपालपुर निवासी चंद्रिका बनवासी (50) बिरनो गांव से खरीदारी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। बिरनो ब्लॉक के पास पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। घायल को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामलों की तफ्तीश की जा रही है।
विज्ञापन

सादात : मठ उचौरी गांव निवासी दीपचंद यादव (58) पत्नी सुशीला देवी (55) को बाइक से लेकर दवा दिलाने सादात गए थे। लौटते समय मठ उचौरी गांव के पास बाइक को घड़रोज ने टक्कर मार दी। दंपती बाइक सहित गिर पड़े। हादसे में पत्नी सुशीला को सिर में गंभीर चोट आई। सैदपुर सीएचसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने पति दीपचंद यादव को मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। सादात थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें