नंदगंज। दवोपुर गांव के पास सोमवार की रात गंगा कावेरी एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। आधार कार्ड से शिनाख्त होने पर पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। वह छपरा से ट्रेन में सवार हुए थे। बंगलूरू में राजमिस्त्री का काम करते थे।
दवोपुर गांव के लोग रेलवे ट्रैक के तरफ गए थे। इस दौरान एक युवक का शव दिखाई पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गए। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान बिहार प्रांत के सारन जनपद के बनियापुर थाना क्षेत्र स्थित चोरौवा गांव निवासी बृज कुमार (30) के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना पर परिजनों ने बताया कि वह सोमवार की रात में छपरा स्टेशन से गंगा कावेरी एक्सप्रेस से बंगलूरू के लिए रवाना हुए थे। जानकारी मिलते ही मृतक के पिता व भाई थाने पर पहुंच गए। ट्रेन से कैसे गिरे, इसकी जानकारी नहीं हो पाई। मृतक छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी रंभा देवी और परिजनों के रोने- बिलखने से चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक के पिता शिवप्रसाद की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।