गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली, सूरत से आए चार और प्रवासियों के कोरोना पाजिटिव मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में अफरातफरी मची हुई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कुल 14 हो चुकी है। इसमें से छह स्वस्थ हो चुके हैं। अब भी आठ लोग पाजिटिव हैं। सभी का उपचार पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल वाराणसी में चल रहा है। देखा जाए तो महज 24 घंटे में छह पाजिटिव मरीजों का मिलना अपने आप में रिकार्ड बन गया है। नंदगंज में दूसरा कोरोना पजिटिव मिला है।
करंडा ब्लाक के कुचौरा का एक युवक कोरोना पाजिटिव मिला। वह 10 मई को मुंबई से नासिक और वहां से लखनऊ आया था। इसके बाद रोडवेज बस से गाजीपुर पहुंचा। 11 को इसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसी प्रकार मनिहारी ब्लाक के सरायगोकुल निवासी एक युवक भी 10 मई को सूरत से ट्रेन द्वारा वाराणसी पहुंचा। वहां से निजी साधन से घर आया। 12 को इसका सैंपल भेजा गया। दोनों की जांच रिपोर्ट बुधवार को देर रात पाजिटिव आते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की बेचैनी बढ़ गई। अभी जिला प्रशासन इन मरीजों को वाराणसी भेजने के बाद गांवों को सुरक्षित करने में लगा ही था कि बृहस्पतिवार की सुबह चार और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव मिलने से पूरे जनपद में दहशत के बीच अफरातफरी कायम हो गया। इन चार मरीजों में नंदगंज थाने के राजूपुर सिरगिथा में एक व्यक्ति मुंबई से ट्रक द्वारा सात मई को घर आया था। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नौ मई को इसका सैंपल भेजा था, जो आज सुबह पाजिटिव मिला। भुड़कुड़ा थाने के स्थानीय गांव निवासी एक व्यक्ति मुंबई से ट्रक द्वारा सात मई को अलग-अलग साधनों से किसी तरह घर पहुंचा। उसका नौ कई को सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। बिरनो के मोहनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति दिल्ली से ट्रक द्वारा आजमगढ़ पहुंचा था। वहां से अपने बेटे के साथ बाइक से घर आया। 12 को इसकी सैंपलिंग की गई।
शादियाबाद थाने के चौकड़ीचौरा गांव निवासी एक युवक मुंबई से ट्रक द्वारा अपने पूरे परिवार के साथ घर आया था। उसकी 11 मई को सैंपलिंग की गई थी। इन सभी की रिपोर्ट बृहस्पतिवार की सुबह पाजिटिव आई है। इन गांवों को सीज करने के साथ ही अब हॉटस्पॉट बनाए जाने की तैयारी चल रही है। वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एहतियात के साथ सतर्कता और बढ़ाने की जुगत में है। जनपद में प्रवासी कोरोना संक्रमितों की संख्या अब आठ हो चुकी है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने कहा कि कोरोना के जंग को जितने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं। गांव-गांव में निगरानी समिति का गठन किया गया है। जरूरत के हिसाब से गांवों को हॉटस्पॉट बनाकर लोगों की सैंपलिंग और गांवों को सैनिटाइज करने का कार्य किया जा रहा है।