शहर कोतवाली के सकरा बिंद पुरवा गांव में मृतक के परिवार की रोती बिलखती महिलाएं ।
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरा (बिंद पुरवा) गांव में बृहस्पतिवार की सुबह पेड़ की डाल काटते समय एक युवक असंतुलित होकर कटे डाल के साथ गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मालूम हो कि सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरा (बिंद पुरवा) निवासी अजीत बिंद (35) बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे अपनी झोपड़ी में बल्ली लगाने के लिए बबूल के पेड़ पर चढ़कर डाल को काट रहा था। डाल कटने के साथ ही अजीत का संतुलन बिगड़ गया और वह डाल के साथ जमीन पर गिर पड़ा और डाल के नीचे दब गया। इससे उसके सिर एवं गर्दन में गंभीर चोट आई। आसपास खेतों में मवेशी चरा रहे लोगों की जैसे ही अजीत पर नजर पड़ी, वह दौड़कर मौके पर पहुंचे।
इसकी सूचना परिवार वालों को दी। परिवार के साथ ही ग्रामीण वहां पहुंच गए। लोगों की मदद से परिजन आनन-फानन में घायल को लेकर जिला अस्पताल आए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौत की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी अनीता दहाड़े मारकर चीख-पुकार करने लगी।
वह बिलखते हुए अपने बच्चों राहुल, रोहित और मोहित को निहार रही थी। लोगों द्वारा सांत्वना देने के बाद भी उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मृतक अजीत अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता बल्लू बिंद का पहले ही निधन हो चुका है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।