क्राइम ब्रांच और दो थानों की पुलिस ने मंगलवार की रात करीमुद्दीनपुर थाना के ताजपुर चौराहे के पास वाहन चेकिंग को दौरान बोलेरो लूट और चोरी के मामले में चार बदमाशों को धर दबोचा। सीओ सदर वेदप्रकाश ने बताया कि पकड़े गए
बदमाश अंतरप्रांतीय गिरोह के सदस्य हैं। इनके पास चोरी और लूट की दो बोलेरो सहित एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि बीती रात क्राइम ब्रांच के रीतेंद्र प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की बोलेेरो के साथ कुछ बदमाश कहीं जा रहे हैं। यह सूचना मिलते ही उन्होंने मुहम्मदाबाद थानाध्यक्ष दिलीप सिंह और करीमुद्दीनपुर
थानाध्यक्ष दुर्गेश्वर से संपर्क किया। पुलिस टीम ने गाजीपुर-बलिया मार्ग पर ताजपुर चौराहा स्थित मंदिर के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बोलेरो आती दिखाई दी। पास आने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक
भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो को पकड़ लिया। उसमें सवार बिहार के भोजपुर निवासी अखिलेश मिश्र उर्फ मंटू, यही का इसामूल उर्फ मु्न्ना, बलिया के चितबड़ागांव निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ गब्बर और यहीं के
निवासी गोपाल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी और लूट की दो बोलेरो, लूट की घटना में प्रयुक्त की गई बाइक, 315 बोर का दो तमंचा और 4 कारतूस बरामद किया। बताया कि गिरफ्त में आया अखिलेश संगीन
मामलों का अपराधी है। उसने अपने साथियों के साथ 6 अगस्त को गोड़उर के पास तमंचा के बल पर बोलेरो लूट लिया था। बदमाश लूटी गई बोलेरो को बिहार लेकर चले गए थे। कुछ दिन बाद बोलेरो को भोजपुर निवासी गोरख शाह को 60
हजार में बेच दिया था। बरामद हुई दूसरी बोलेरो को संबंध में बदमाशों ने बताया कि बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से चुराकर मुन्ना मिस्त्री के शाहपुर स्थित दूकान पर रखे थे। जिसको बेचने के लिए जाते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।