गाजीपुर। रोडवेज की बसों के निर्धारित मार्ग के बजाए बाईपास से गुजरने की शिकायत के क्रम में डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने शुक्रवार को नंदगंज बाईपास के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो डिपो की चार बसें बाईपास से निकलते मिलीं। उन्होंने स्थानीय डिपो की बस के चालक-परिचालक पर निर्धारित जुर्माना लगाया। जबकि अन्य बसों के चालक-परिचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित डिपो के एआरएम को अवगत कराया है।
गाजीपुर-वाराणसी राजमार्ग पर राज्य सड़क परिवहन निगम के विभिन्न डिपो की कई बसें निर्धारित मार्ग से नहीं चल रही हैं। यह बसें फोरलेन होते हुए सीधे निकल जा रही हैं। इसके चलते नंदगंज बाजार एवं सैदपुर नगर में आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है।
कई बसें निश्चित मार्ग से न जाकर बाईपास से ही निकल जाती हैं और यात्री प्रतीक्षा में देर तक खड़े रहते हैं। इस समस्या को लेकर यात्री रोडवेज के अधिकारियों से शिकायत दर्ज करा चुके हैं। इसके बावजूद बसें निर्धारित मार्गों से नहीं चल रही हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन की ओर से चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
इस क्रम में शुक्रवार को स्थानीय डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बीके पांडेय ने नंदगंज बाईपास के पास बसों की जांच की। इस दौरान चार बसें बाईपास से गुजरते मिलीं। उन्होंने बताया कि इनमें एक बस गाजीपुर डिपो की और तीन काशी डिपो की थी। यहां की बस के चालक-परिचालक पर जुर्माना लगाया है जबकि काशी डिपो के चालक-परिचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने बस चालकों को सख्त हिदायत दी है कि वह बसोंं का संचालन निर्धारित मार्ग से करें। चेकिंग स्टाफ जिसको मार्ग आवंटित है उन्हें भी बाईपास से होने वाले संचालन को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिया। चेकिंग के समय डिपो के प्रमोद कुशवाहा भी साथ थे।