खानपुर स्थित गोमती नदी में डूबकर युवक की मौत के बाद वाहन पर उसका शव रखते ग्रामीण।
- फोटो : GHAZIPUR
खानपुर। थाना क्षेत्र के नूरूद्दीनपुर बड़ानाला घाट पर बुधवार मछली को मारने के दौरान दोस्त से नदी पार करने की शर्त लगा नदी पार करते समय बीच धारा में डूब गया था। काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के सरवरपुर निवासी प्रहलाद राजभर का पुत्र शैलेंद्र राजभर (20) अपने दोस्त के साथ बुधवार को नूरूद्दीनपुर बड़ानाला घाट पर गोमती नदी में मछली मारने के लिए गया था। अपने दोस्त से नदी पार करने की शर्त लगाई और दोस्त के साथ नदी पार करने लगे। दूसरे किनारे पर पहुंचने से कुछ ही पहले ही शैलेंद्र तेज धार में बह गया। दोस्त ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरु करा दी थी। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था। बृहस्पतिवार की सुबह युवक के पिता प्रहलाद ने खोजबीन शुरू की तो इसी बीच दिन में करीब 11 बजे शव उतराया देखा। नाविकों ने शव को नदी से बाहर निकाला। शव पर नजर पड़ते ही परिजन चीख-पुकार करने लगे। मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देने में जुट गए। सिधौना चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह शव को लेकर थाना आए। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिचंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।