सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की रैली के लिए शहर के वंशीबाजार स्थित लोहिया भवन से बाइक जूलूस निकाला गया।
- फोटो : gazipur
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की 23 नवंबर को जिला मुख्यालय के आरटीआई मैदान में प्रस्तावित रैली को लेकर सपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह तथा कैबिनेट मंत्री विजय मिश्र की देखरेख में रैली की तैयारी की जा रही है।
जानकारों की मानें तो ओपी सिंह तथा विजय मिश्र को आगे कर सपा अगड़ों के वोट को अपनी तरफ मोड़ने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि मुलायम की रैली में पिछड़े के साथ अगड़े वोटों पर विशेष नजर है।
रैली में कुछ खास हो न हो, लेकिन इतना जरूर माना जा रहा है कि ओमप्रकाश सिंह तथा विजय मिश्र को आगे रखने का मकसद अगड़ों के वोट पर निशाना साधना है। रैली को लेकर सबसे अधिक हलचल मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में है। हाल ही में कौएद का विलय सपा में हुआ है। सपा के पुराने नेताओं तथा कौएद को शक्ति प्रदर्शन करने का इससे बेहतर मौका नहीं मिलेगा।
इतना ही नहीं, स्व. रामकरन दादा के गढ़ सैदपुर, पूर्व मंत्री तथा सपा के कद्दावर नेता रहे कैलाश यादव के विधानसभा क्षेत्र जंगीपुर में भी इन दिनों सक्रियता बढ़ गई है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी सपा नेता और कार्यकर्ता रैली की तैयारी में लगे हैं। नेताओं में अधिक से अधिक भीड़ ले जाने की होड़-सी मची है।
सैदपुर में तैयारी कुछ खास इसलिए भी है कि यहां पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, रामकरन दादा के एमएलसी पुत्र विजय यादव, देवराज ठाकुर आदि कई ऐसे नाम हैं, जिनका क्षेत्र में प्रभाव है।