मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन गंभीर है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के दस नमूने लिए गए। पुराने दिख रहे
लड्डू और बर्फी को नष्ट कराया गया। टीम की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्र में खाद्य पदार्थ के दूकानदारों में हड़कंप मची रही।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ प्राय: अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में अभिहित अधिकारी चन्द्रकिशोर के नेतृत्व में विभाग के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर
प्रसाद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुकेश एवं जनार्दन सिंह की टीम ने शुक्रवार को जांच अभियान चलाया। अभिहित अधिकारी चन्द्रकिशोर ने बताया कि शहर के नवाब साहब फाटक के पास की गई जांच में पनीर,
दूध एवं दही का एक-एक सहित तीन नमूना लिया गया। नवापुरा क्षेत्र में दूध और पनीर के एक-एक सहित दो नमूने लिए गए। इसके बाद सुहवल क्षेत्र में चार दूकानों की जांच में तीन खोवा बर्फी के तथा छेना की मिठाई का एक नमूना
लिया गया। शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में बूंदी के एक लड्डू सहित पूरे अभियान के दौरान 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रह किए गए। अभिहित अधिकारी ने हिदायत देते हुए कि मिठाई विक्रेता मिठाई में रंग का प्रयोग न करें। बर्फी में
अल्युमिनियम का वर्क न लगाएं। इसके साथ ही मिठाई ढंककर रखें। ऐसा न करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।