गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। शनिवार की देर रात नोनहरा पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के साथ दो तस्कर, सैदपुर पुलिस ने चोरी गई सात बैटरी एवं इनवर्टर के साथ दो आरोपी और सादात पुलिस ने तमंचा और कारतूस के साथ एक शातिर को धर-दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी का चालान कर दिया।
कठवामोड़ संवाददाता के अनुसार नोनहरा थाना क्षेत्र के बेसो नदी पुलिया से देर रात पुलिस ने रसूलपुर कंधवारा निवासी जितेंद्र राम और चौरही निवासी धर्मदेव बिंद को 40 लीटर कच्ची शराब के साथ धर-दबोचा। पूछताछ के बाद दोनों का पुलिस ने चालान कर दिया। सादात संवाददाता के अनुसार पुलिस टीम ने देर रात स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास से एक शातिर बदमाश को धर-दबोचा। तलाशी लेने पर एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शादियाबाद थाना के मोहब्बतपुर निवासी सोनू कुमार बताया। भीमापार संवाददाता के अनुसार थाना पुलिस ने देर रात चेकिंग अभियान के तहत चोरी गई सात इन्वर्टर और बैैट्री के साथ वार्ड नंबर राजीव नगर निवासी मोहम्मद अरमान और वार्ड नंबर छह के सतीश कश्यप को दबोच लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।