महज पांच मिमी बारिश ने शनिवार को शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच 11:45 बजे से दोपहर दो बजे तक रुक-रुककर बारिश हुई।
इससे रायफल क्लब, विकास भवन, आमघाट कॉलोनी, महुआबाग, रौजा, लंका, सिंचाई कॉलोनी, मिश्रबाजार और झंडातर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगह सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं। कुछ इलाकों में पानी घरों के सामने तक पहुंचने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हुआ। नालियों और पटरियों के किनारे पड़ा कचरा भी पानी के साथ सड़कों पर फैल गया।
कम बारिश में ही जलभराव होने से नगर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। कंधे पर चढ़कर जलभराव पार करते नजर आए लोग : शनिवार को रायफल क्लब सभागार में मिशन रोजगार योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते सभागार के बाहर का परिसर पानी से भर गया।
बारिश थमने के करीब आधे घंटे बाद तक पानी जमा रहा, जिससे कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। कुछ लोग जूते भीगने से बचाने के लिए एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर पानी पार करते नजर आए। वहीं, कुछ लोग गार्ड के लिए बने शेड में खड़े होकर पानी कम होने का इंतजार करते रहे।
रायफल क्लब सभागार में जलभराव के बीच से निकलते लोग। संवाद
रायफल क्लब सभागार में जलभराव के बीच से निकलते लोग। संवाद