क्राइम ब्रांच और मरदह पुलिस ने पिछले दिनों मरदह क्षेत्र पलहीपुर पुलिया के पास दो सेल्समैनों को बंधक बनाकर लूटी गई देसी शराब के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा करने का दावा किया है।
पकड़े गए आरोपियों में तीन आरोपी लूटी गई शराब खरीदने वाले हैं जबकि एक शराब कारोबारी तथा उसका एक भाई भी शामिल होना बताया गया है जबकि लूटकांड की घटना को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटी गई 14 पेटी शराब तथा एक सूमो तथा एक बोलेरो भी बरामद कर लिया है।
पुलिस आफिस में एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दो अप्रैल की रात में मरदह थाना क्षेत्र के पलहीपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित देशी शराब की दूकान में सेल्समैन राजू जायसवाल और अप्पू गुप्ता को बंधक बनाकर लुटेरे 21 हजार नगदी सहित 50 पेटी देशी शराब लूट ले गए थे। यही नहीं लुटेरे दोनों सेल्समैनों को अगवा कर बलिया ले गए और रसड़ा में दोनों को चलती गाड़ी से धक्का देकर भाग निकले। इस मामले में शराब कारोबारी वीरेंद्र सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। तब से पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी थी।
गुुरुवार की शाम क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि मरदह के महाहर धाम गेट के पास एक बोलेरो और सूमो गाड़ी खड़ी कर दो लुटेरे लूट की योजना बना रहे हैं। यह सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच हरकत में आ गई। मरदह थानाध्यक्ष उमेश यादव और लूट का शिकार हुए सेल्समैन राजू जायसवाल को साथ लेकर मौके पर पहुंची। इस पर सेल्समैन ने मौके पर खड़ी बोलेरो और टाटा सूमो को पहचान लिया, जिससे बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था।
इस बीच जब पुलिस ने घेरेबंदी शुरू की तो गाड़ी से उतर कर दो बदमाश भागने लगे। इस पर पुलिस ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कुबरी गांव निवासी सुरेश राजभर और मोहम्मदपुर गांव निवासी जनार्दन यादव बताया। साथ ही मरदह में लूटी गई शराब को लुटेरों से खरीदना बताया। यह भी बताया कि उन्होंने लूटी गई शराब को करीमुद्दीनपुर के राजापुर गांव निवासी शराब कारोबारी गोपाल राय को बेची है। उनकी हीदूकान से लूटी गई शराब की बिक्री की जाती है। इसके आधार पर मरदह पुलिस करीमुद्दीनपुर थाना पहुंची और एसओ दुर्गेश्वर मिश्र के साथ राजापुर गांव में गोपाल राय के घर छापा मारा।
इस दौरान गोपाल राय के भाई मुन्ना राय और उसके सेल्समैन भोला यादव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर हाते में छिपाकर रखी गई 14 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस शराब सहित तीनों आरोपियों को थाने लाई। कप्तान ने बताया कि लूटकांड की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों में बगेन गांव निवासी लोहा उर्फ धनंजय यादव, करीमुद्दीनपुर गांव निवासी सुनील उर्फ सत्यवान जायसवाल और तथा मसौनी गांव निवासी चंदन राय शामिल रहा है। पुलिस सरगर्मी के साथ उनकी तलाश कर रही है।