प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के लोगों ने शिक्षक, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ लंका स्थित अंबेडकर पार्क से शुक्रवार को जुलूस निकाला। विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस सरजू पांडेय पार्क में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में तब्दील हो गया।
इस मौके पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के महामंत्री जे राम ने कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से दलित विरोधी कार्यों में संलिप्त है। जयप्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब छात्रों की छात्रवृत्ति रोककर उनके हितों के साथ खिलवाड़ किया है।
मुकेश भारती ने कहा कि एससी-एसटी ग्राम पंचायत सफाई कर्मियों के वेतन आहरण के मामले में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सुदेश्वर और राधेश्याम ने कहा कि प्रदेश सरकार को विभागवार सर्वे करा समान प्रतिनिधित्व का पालन करते हुए प्रमोशन में आरक्षण देना चाहिए।
अशोक एवं चंद्रिका ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के रवैए से एससी-एसटी में विरोध एवं विद्रोह की भावना उत्पन्न हो रही है। जिलाध्यक्ष लालबहादुर राम ने कहा कि संगठन प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगा। इस दौरान ब्लाक प्रभारियों ने कहा कि सर्वे के आधार पर एससी-एसटी को बैकलाग के माध्यम से उचित प्रतिनिधित्व देना चाहिए। इस मौके पर राजेंद्र, ओमप्रकाश, जयप्रकाश, शमीम अहमद, इमामुद्दीन अंसारी, गीता रावत, संजय रावत, हरिओम खरवार, संजय खरवार, सतिराम, यशवंत संतोष आदि मौजूद थे। अध्यक्षता बद्री राम तथा संचालन झिंगुरी राम ने किया।