हथौड़ा गांव में गेहूं के खेत में लगी आग पर काबू पानी की कोशिश करते ग्रामीण। स्रोत- वीडियो ग्रैब
औड़िहार। खानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हथोड़ा में लगभग तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। ग्राम प्रधान रमेश पासवान ने बताया कि बृहस्पतिवार को जर्जर तारों की चिंगारी से लगी आग के कारण हथौड़ा निवासी नक्षत्र यादव, ईशोपुर निवासी नग्गू यादव, सीरी यादव की गेहूं की फसल जलने लगी। स्थानीय लोगों के साथ उपस्थित ग्राम प्रधान ने फायर ब्रिगेड को फोन करवाया, लेकिन उनका आरोप है कि उसके एक घंटे देर से आने के कारण लगभग फसल जल चुकी थी। उन्होंने कहा कि जब फोन किया गया तो उस वक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ी सैदपुर में खड़ी थी।
जब जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव ने देर से आने का कारण पूछा तो फेयर ब्रिगेड वालों ने कहा कि हम सबको जब गाजीपुर से आदेश आएगा तभी हम पहुंच सकते हैं। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी कुलदीप ने कहा कि फायर बिग्रेड की गाड़ी समय से घटनास्थल पर पहुंच गई थी, घटना के समय सैदपुर में ही एक गाड़ी मौजूद थी। इसलिए उसे जाने में ज्यादा समय नहीं लगा।