मरदह। थाना क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 24 मार्ग के बगल में स्थित देवापुर चट्टी के पास बंद पड़े निजी स्कूल में स्थित जल निगम के गोदाम में शुक्रवार को संदिग्ध अवस्था में आग लग गई। इसमें लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के परिसर में जल निगम विभाग में काम करवा रही एक कार्यदायी संस्था द्वारा गोदाम बनाया गया है। स्कूल के बगल में किसी किसान ने अपने खेत में पराली जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि पराली की चिंगारी से आग फैल गई। आग की लपटें तेज हवा के कारण काफी तेज हो गई। पानी का साधन न होने के कारण मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण असहाय दिखाई पड़े। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। तबतक सारा सामान जलकर राख हो गया। स्कूल परिसर में किसान बाबूलाल यादव द्वारा रोटावेटर सहित कई कृषि संबंधी संयंत्र रखा गया था। वह भी जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद कई किमी दूर तक आसमान धुंआ फैला हुआ था। वहीं घटनास्थल के पास हाईवे पर अंधेरा छाया हुआ था।