शहर कोतवाली क्षेत्र के नियाजी मुहल्ला निवासी अनुराग श्रीवास्तव के मकान में सोमवार की देर रात अचानक शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। घटना में दस हजार नकदी सहित एक लाख से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। परिवार के लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।नियाजी मुहल्ला निवासी अनुराग श्रीवास्तव के परिवार के लोग रोज की तरह सोमवार की रात भी खाना खाने के बाद सो गए। रात में करीब साढ़े 11 बजे अचानक शार्ट-सर्किट से कमरे में आ लग गई।
आग लगने की जानकारी होते ही कमरे में सोए अनुराग निकलकर बाहर भागे और परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज दी। आवाज सुनते छोटे भाई सौरभ के साथ ही परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर कमरे में पहुंचे।इसकी जानकारी होते ही अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार और आस-पास के लोग आनन-फानन में आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक दस हजार नकदी, डबल बेड, सिंगल बेड, बिजली के सारे वायरिंग, पंखा, घड़ी, फ्रिज सहित अन्य गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। अगर परिवार के लोग समय रहते आग पर काबू नहीं पाते तो आग अगल-बगल के कमरे सहित आस-पास के मकानों तक पहुंच सकती थी। जिससे बड़ी क्षति हो सकती थी। गनीमत रही की परिवार के लोगों ने रात में सोने से पहले पानी की टंकी को भर लिया था, जिससे आग बुझाने में काफी मदद मिली। घटना में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ।