गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के जयरामपुर भंगवल गांव निवासी एक किसान ने पैमाइश कराई गई भूमि पर जबरदस्ती कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि जयरामपुर भंगवल गांव निवासी दयाशंकर राय ने तहरीर देकर बताया कि वह मौजा जयरामपुर भंगवल परगना जहूराबाद तहसील कासिमाबाद स्थित 0.028 हेक्टेयर के कास्तकार हैं। उक्त भूमि की पैमाइश कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट को उपजिलाधिकारी न्यायालय ने बीते 2 सितंबर 2023 को पुष्टि प्रदान की गई थी। तहरीर में बताया कि 10 फरवरी 2025 को जमीन पर पत्थर गाड़ने की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई थी। आरोप लगाया कि इसके बावजूद आरोपियों ने गाड़े गए पत्थरों को दूसरी जगह स्थापित कर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया और उस पर खेती की जा रही है।
पीड़ित ने सूरज गोंड, नगीना गोंड, विजय गोंड व बेचू गोंड निवासी मुबारकपुर (सागापाली) थाना कासिमाबाद पर जबरन कब्जे का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।