गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के डिहिया गांव में शनिवार को विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मुकदमा मृतका के पति, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोती पासी, उनके बड़े भाई पूर्व विधायक सुभाष पासी और उनकी पत्नी पर दर्ज हुआ है।
आरोप है कि ये लोग दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग करते थे और न देने पर शिकायतकर्ता की बेटी को प्रताड़ित करते थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोती पासी के बेटे विनीत पासी की शादी 16 जून 2023 में मरदह थाना क्षेत्र के सेवठा निवासी पूनम पासी (24) के साथ हुई थी। दोनों से एक 11 माह का बेटा है।
शनिवार को मकान के दूसरे तल पर पूनम का शव कमरे के अंदर लगे सीलिंग फैन में साड़ी के फंदे से लटका देखा गया। मामले में मृतका के पिता व मरदह थाना क्षेत्र के सेवठा निवासी जयराम पासी ने मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर बेटी पूनम के पति विनित पासी, उसके ससुर व पूर्व ब्लाक प्रमुख मोती पासी व पूर्व विधायक सुभाष पासी व उसकी पत्नी रीना पासी दहेज में एक लाख रुपये व मोटर साईकिल की मांग करते थे। दहेज न देने के कारण आए दिन बेटी पूनम को मारते पिटते और प्रताड़ित करते।
इसी बीच, शनिवार की शाम 4 बजे लगभग सूचना मिली कि पूनम को उसके पति और ससुर मिलकर बेटी को मार डाले। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।