नगर में बाइक जूलूस निकालते डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के लोग
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से ग्रेड-पे बढ़ोत्तरी और पदोन्नति की मांग को लेकर मंगलवार को शहर में बाइक जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल संघ के लोग मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते चल रहे थे। बाइक जुलूस के बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर प्रांतीय संगठन सचिव इंजीनियर यूएस पांडेय ने कहा कि मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में हड़ताल चल रही है। लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों ने इसकी जानकारी लिखित तौर से शासन को दे दी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अंबिका प्रसाद दूबे ने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता काफी क्षोभ का विषय है। लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अगर मांगें पूरी नहीं होती है तो धरने को तेज किया जाएगा। सुरेंद्र यादव ने कहा कि राज्य में विकास अवरुद्ध है। ध्रुव सिंह ने कहा कि 20 से 30 वर्षों की सेवा के बाद भी आज जूनियर इंजीनियर का प्रमोशन न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से मांग पूरा होने तक संघर्ष जारी रखने की अपील की। कहा कि महासंघ के लोग अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। इस मौके पर रामनाथ ठाकुर, आरबी शर्मा, अखिलेश यादव, विजय यादव, असगर अली, प्रदीप शर्मा, आरबी शर्मा, केके त्रिपाठी, आरपी मौर्य, आरके सिंह, धर्मेंद्र, सुनील, संतोष, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे। अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।