गहमर थाना क्षेत्र के गोडसरा गांव में दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष के बाद मौके पर जानकारी लेते जि?
- फोटो : GHAZIPUR
सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के गोड़सरा गांव में बुधवार की दोपहर ट्रैक्टर में भोजपुरी गाना बजाने के विवाद को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। दो समुदायों के बीच बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को किसी तरह काबू में किया। मारपीट में एक पक्ष के 18 लोग घायल हो गए। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन भाइयों को जिला अस्पताल लाया गया। शांति व्यवस्था के मद्देनजर गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। इस मामले में तीन नामजद और कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
गहमर थाने के गोड़सर गांव में बुधवार की दोपहर एक ट्रैक्टर चालक भोजपुरी गाना बजा रहा था। दलित बस्ती निवासी सुरेश राम के पुत्र राहुल कुमार (15) विरोध करते हुए चालक को गाना बजाने से मना किया। इस पर चालक ने ट्रैक्टर मालिक को फोन कर दिया। कुछ ही देर में कुछ लोगों के साथ ट्रैक्टर मालिक मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दो समुदाय के लोगों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारने- पीटने लगे। यह देख बस्ती के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इस पर ट्रैक्टर मालिक ने फोन कर और लोगों को बुला लिया। इसके बाद हो-हल्ला के बीच दोनों पक्षों से लाठी-डंडे के साथ ही ईंट-पत्थर चलने लगा। इस दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। करीब पौने एक घंटे तक दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चला। दलित बस्ती के लोगों के एकजुट होते देख दूसरे समुदाय के लोग फरार हो गए। मारपीट में दलित बस्ती के करीब 18 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह के साथ एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी, सेवराई एसडीएम विक्रम सिंह और जमानिया एसडीएम सत्यप्रिय सिंह के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई और स्थिति को काबू में किया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तीन भाइयों जालिम राम (45), आसिफ उर्फ बलिस्टर (35) और सुग्रीव (40) को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शांति व्यवस्था के मद्देनजर गांव में छह बटालियन पीएसी के साथ ही भारी मात्रा में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच मारपीट की घटना हुई है। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से चुटहिल हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। अनुसूचित जाति के लोगों की तहरीर के आधार पर तीन नामजद और कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स लगाई गई है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गहमर थाना क्षेत्र के गोडसरा गांव में दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष के बाद लगी पुलिस फोर्स।- फोटो : GHAZIPUR