जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के पाह सैय्यदराजा गांव में शुक्रवार को पार्टी का झंडा उतारने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें पांच लोगों को चोटें आई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल पीएचसी पर करवाकर दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
पाह सैय्यदराजा गांव निवासी असरफ अली ने बताया कि उन्होंने अपने आवास पर सपा का झंडा लगाया हुआ था। आरोप है कि गांव के ही राजेंद्र प्रसाद राय और अन्य लोग झंडा उतारने के लिए दबाव बना रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से अशरफ अली, अख्तर अली, परवेज अली और दूसरे पक्ष से आनंद प्रकाश राय और आदर्श राय घायल हो गए। इधर, राजेंद्र प्रसाद राय ने आरोप लगाया कि पुत्र आनंद प्रकाश राय उर्फ छोटे राय घर से सामान खरीदने के लिए दुकान जा रहा था। इस दौरान असरफ अली पुरानी रंजिश को लेकर गाली देने लगा। गाली देने का कारण पूछने पर मारपीट करने लगा। घटना की जानकारी पाकर परिजनपहुंचे तो वह मारपीट पर उतारू हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। असरफ अली ने पांच और दूसरे पक्ष ने दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी संपूर्णानंद राय ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। झंडा उतारने का कोई मामला नहीं है। दोनों पक्ष के 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।