मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव के बाहर गंगा घाट पर स्नान कर रहे एक परिवार के चार लोग गंगा में डूब गए थे। हादसे के बाद एक किशोर का शव मल्लाहों ने बरामद कर लिया था। जबकि हादसे के दूसरे दिन शनिवार को पिता-पुत्र का शव उतराया मिला। वहीं किशोरी का शव एनडीआरएफ की टीम ने गहमर गांव के सामने से बरामद किया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में शोक की लहर छा गई।
मालूम हो कि सेमरा गांव निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय के घर गर्मी की छुट्टी पर बहन, बहनोई, भांजा - भांजी सहित रिश्तेदार आए थे। सुबह करीब सात बजे मुंबई से आए जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के बरमनपुर गांव निवासी बहनोई जय सिंह शर्मा (40), भांजा ओम शर्मा (15), मऊ जनपद के गोहना मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के सुरहूरपुर निवासी भांजा अंकित तिवारी (16), भांजी सारिका उर्फ तन्नू (18) और नोनहरा थाना क्षेत्र के अरखपुर महुआरी निवासी भांजी प्रिया तिवारी (22) गंगा स्नान के लिए गांव के बाहर घाट पर गए थे। नहाते समय गहरे पानी में जाने से ओम शर्मा डूबने लगा था। पुत्र को डूबता देख जय सिंह शर्मा उसे बचाने का प्रयास करने लगे थे, लेकिन सफल नहीं होने पर वह भी गहरे पानी में डूबने लगे थे। यह देख सारिका उर्फ तन्नू और अंकित तिवारी भी डूब रहे पिता-पुत्र को बचाने का प्रयास करने लगे थे, लेकिन चारों डूबने लगे थे। यह देख प्रिया तिवारी भी गंगा में कूद गई और उन्हें बचाने का प्रयास करने लगी थी। वह भी गहरे पानी में समाने लगी थी। यह देख आस-पास गंगा स्नान कर रहे लोगों ने किसी तरह से प्रिया तिवारी को पानी से बाहर निकालकर बचा लिया था। इधर मल्लाहों के काफी प्रयास के बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर अंकित तिवारी का शव बरामद कर लिया गया था। दूसरे दिन घटना स्थल पर ही जयसिंह शर्मा और उनके पुत्र ओम शर्मा का शव उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि सारिका उर्फ तन्नू का शव एनडीआरएफ ने गहमर गांव के सामने से बरामद किया। तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में शोक छा गया। इस संबंध में कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।