गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर स्थित रेडिमेड कपड़े की दुकान में करीब ढाई माह पूर्व बाल्टी में पेट्रोल निकालकर गिलास से छिड़ककर आग लगाने वाले आरोपी पिता को पुलिस तलवल मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई।
नंदगंज थाना क्षेत्र के बहादीपुर गांव निवासी चंदन यादव की हरिहरपुर में रेडिमेड कपड़े की दुकान थी। बीते तीन अगस्त को पीड़ित ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था कि अज्ञात व्यक्ति ने दुकान व कार में आग लगा दी। इससे करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हो गया है। घटना के दिन से ही पीड़ित के पिता राजेंद्र यादव गायब थे। आंशका जताई थी कि आरोपी ने आग लगाने के बाद पिता को भी गायब कर दिया है। पुलिस ने छानबीन शुरू करने के साथ घटना के एक- एक बिंदुओं पर काम करना शुरू किया। इस दौरान जो साक्ष्य सामने आए, उसे देखकर पुलिस भी हैरत में पड़ गई। पिता राजेंद्र यादव ही पुत्र के कपड़े की दुकान और कार में आग लगाने के बाद फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। तलवल मोड़ से बाइक सहित आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि पुत्र हमेशा गलत आदत छोड़ने के लिए बोलते थे। इससे नाराज होकर घटना के दिन बाइक में तेल भरवाकर दुकान पर पहुंचा और पेट्रोल को बाल्टी में निकालकर गिलास से दुकान के कोने- कोने में छिड़काव करने के साथ कार पर भी डाल दिया और आग लगा दी। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है।