गहमर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के पुन: ठहराव के लिए आमरण अनशन स्थल पर बैँठे लोगों से बात करते वाणिज्?
- फोटो : GHAZIPUR
गहमर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक सेवा संस्थान के नेतृत्व में पूर्व सैनिक प्रमोद सिंह, चंदन सिंह, महेंद्र उपाध्याय, समाजसेवी सुधीर सिंह, आनंद मोहन सिंह और शक्तिमान सिंह ने शनिवार से बेमियादी अनशन शुरू कर दिया।
भूतपूर्व सैनिक सेवा संस्थान के अध्यक्ष मारकंडेय सिंह ने कहा कि सैनिक बस आगे बढ़ना जानते हैं और बिना विजय हासिल किए कदम पीछे नहीं करते। आमरण अनशन स्थल पर दोपहर बाद वाणिज्य अधिकारी दानापुर अब्दुल हक, सीटीआई बक्सर अजय कुमार, कमांडेंट दानापुर जेम्स डीके पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल के कारण ट्रेनों का ठहराव हटाया गया है। कोरोना के बाद ट्रेनें रुकेंगी, जिस पर अनशनकारियों ने कहा कि पहले भी एक बार वादाखिलाफी हो चुकी है, इसलिए जब तक गहमर स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, भगत की कोठी एक्सप्रेस एवं गरीब रथ ट्रेन नहीं रुकेगी, तब-तक आमरण अनशन खत्म नहीं होगा। अगर 48 घंटे में हल नहीं निकला तो हम ट्रैक पर बैठने का काम करेंगे। इस पर सभी अधिकारियों ने कहा कि आपका पत्रक ऊपर के अधिकारियों के यहां लेकर जा रहे हैं, जल्द ही कोई निर्णय आ जाएगा। इस अवसर पर समिति के संयोजक हृदयनारायण सिंह, शिवानंद सिंह, सचिदानंद बाबा, दामोदर सिंह, संजय सिंह, पूर्व सैनिक कुणाल सिंह आदि मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सैनिक संगठन के अध्यक्ष मारकंडेय सिंह और संचालन अखंड गहमरी ने किया।