शेरपुर कला गांव निवासी मृतक नंदलाल चौधरी की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
- फोटो : सम्राट अशोक की शोभायात्रा के दौरान मुख्य डोले के साथ पदाधिकारी। संवाद
गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कलां गांव के सिवान में रविवार को नीलगाय के हमले से एक किसान की मौत हो गई। किसान परवल के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गुजर रही एक नीलगाय ने हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि शेरपुर कलां गांव निवासी नंदलाल चौधरी (56) दोपहर में परवल के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत से गुजर रहे नीलगायों के झुंड में से एक नीलगाय ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर परिजन उन्हें इलाज के लिए मुहम्मदाबाद सीएचसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि सिवान क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक पहले से ही बना हुआ है। इससे पहले भी जंगली सूकरों के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। मृतक नंदलाल खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लेखपाल रविकांत सिंह ने पूछताछ और घटना स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।