Ghazipur News: किसान रामदयाल को गर्मी लग रही थी। पंखा नहीं चला तो वह उसे ठीक करने लगे। इसी दौरान कट चुके तार की चपेट में आ गए। घटना के करीब एक घंटे बाद उनकी पत्नी खाना लेकर कमरे में पहुंची तो दृश्य देखकर अवाक रह गई और चिल्लाने लगी।
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के गोशंदेपुर गांव में बीती रात बिजली की कटे तार का जांच करते समय करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई, जब मृतक की पत्नी खाना लेकर पहुंची। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
गांव निवासी रामदयाल वर्मा (43) रात करीब साढ़े सात बजे अपने कमरे में आराम करने गए। पंखा न चलने पर कटे तार को चेक करने लगे, तभी करंट की चपेट में आ गए और तार से तब तक चिपके रहे जब तक मौत न हो गई। तार से चिपकने और झुलसने से उनके हाथ में छेद हो गया था। घटना के करीब एक घंटे बाद उनकी पत्नी खाना लेकर कमरे में पहुंची तो दृश्य देखकर अवाक रह गई और चिल्लाने लगी।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा की रामदयाल की मौत हो चुकी थी। कुछ देर बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।