स्थानीय तहसील स्थित एसडीएम कोर्ट में शुक्रवार की दोपहर 2 बजे के करीब उस समय अफरातफरी मच गई जब नगर के हरपुर नई बस्ती निवासी किसान रामध्यान यादव ने अपने हाथ की नस काट ली। खून से लथपथ वह उपजिलाधिकारी के कार्यालय में घुस गया। कार्यालय में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। किसान की इस हरकत पर उपजिलाधिकारी ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित किसान ने बताया कि उसने बैंक से लोन लेकर खेती की थी लेकिन ओलावृष्टि और बारिश के कारण उसकी फसल बर्बाद हो गई।
ऐसे में वह लोन नहीं भर पा रहा है। बैंक कर्मी उसको प्रताड़ित कर रहे हैं। आज तक उसको फसल का मुआवजा भी नहीं मिला है। कार्यालय पर बैठे लोगों ने उसे किसी तरह से पकड़कर बाहर निकाला। शोर सुनकर वकीलों एवं लोगों की भीड़ जुट गई। एसडीएम के निर्देश पर कोतवाली से पहुंची पुलिस किसान को अपने साथ कोतवाली ले गई तथा उपचार कराया। इस संबंध में कोतवाल राम सिंह ने बताया कि किसान ने हाथ की नस काट ली थी, जिसका उपचार कराने के बाद समझा बुझाकर छोड़ दिया गया है।