गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे अपात्र भूमिहीन किसानों की सूची जारी कर दी गई है। इससे किसानों में हड़कंप मचा है। जबकि करीब चार दिन पूर्व ही सभी अपात्र किसानों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया था। उधर, टीम द्वारा की जा रही जांच भी अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
धामूपुर गांव में अपात्रों को किसान सम्मान योजना का लाभ लेने की शिकायत बीते वर्ष ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एमपी सिंह से की थी। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग को जांच कर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। जांच के दौरान कई किसान जहां भूमिहीन मिले। वहीं कई सरकारी नौकरी करने वाले किसान योजना का लाभ लेते दिखाई पड़े। इसके बाद टीम ने सभी की सूची बनाकर विभाग के उच्चाधिकारियों एवं डीएम को दी। करीब एक सप्ताह पूर्व समीक्षा बैठक में डीएम ने कार्रवाई का निर्देश कृषि विभाग को दिया, तो अधिकारियों ने आनन-फानन में नोटिस बनाकर भेजना शुरू कर दिया। शनिवार की देर शाम ऐसे किसानों की सूची भी जारी कर दी गई। विभाग की ओर से जारी सूची को अगर देखा जाए तो धामूपुर के नौ किसान ऐसे मिले जो पेंशन अथवा सरकारी कर्मचारी हैं। इसके अलावा 11 भूमिहीन एवं नौ कृषक की मौत हो चुकी है। जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि नोटिस जारी करने के साथ सूची भी जारी कर दी गई है। जांच भी अब अंतिम चरण में है।