भदौरा रेलवे स्टेशन फरक्का एक्सप्रेस के लोको पायलट का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाते लोग। संवाद
सेवराई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से बंद फरक्का एक्सप्रेस का ठहराव बुधवार को सुनिश्चित हुआ। स्टेशन पर ट्रेन के ठहरते ही उत्साहित लोगों ने लोको पायलट और गार्ड को माला पहनकर एवं मिठाई खिलाकर उनका स्वागत सम्मान किया। मालूम हो कि कोरोना काल के दौरान फरक्का एक्सप्रेस और पटना कोटा एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था।
लोगों की तरफ से ट्रेनों के ठहराव को लेकर लगातार मांग की जा रही । रेलवे की ओर से 10 सितंबर से दोनों ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी दी गई थी।
सुबह से ही फरक्का एक्सप्रेस के रुकने को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा था। ढोल-नगाड़ों के साथ फूल माला लेकर लोग स्टेशन पर पहुंचे थे। फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन का समय भदौरा रेलवे स्टेशन के अपलाइन पर सुबह 7:35 पर है जबकि यह ट्रेन पहले ही दिन करीब 2 घंटा विलंब से 9:30 पर पहुंची। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद सैकड़ों की संख्या में लोग उसके आने का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन को आता देख लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ट्रेन रुकते ही रेल यात्री कल्याण समिति, व्यापार मंडल एवं क्षेत्र के लोगों ने लोको पायलट और गार्ड को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। समिति के संजीव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर उसको गंतव्य के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। संवाद