गाजीपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने बिजली, नहर सफाई, फसल बीमा और कृषि यंत्रों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सीडीओ आलोक प्रसाद ने किसानों दिवस पर अनुपस्थित रहने वाले अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में 87 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। शेष मामलों में अंश निर्धारण और नाम मिसमैच की समस्या है। इस पर सीडीओ ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम के डिजिटल क्रॉप सर्वे में 2200 हेक्टेयर क्षेत्र का सर्वे पूरा कर लिया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित किसानों के लिए 15 मई से 31 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं फसल बीमा योजना के तहत अब तक 6106 किसानों को 4.13 करोड़ रुपये की प्रतिपूर्ति दी जा चुकी है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खरीफ सीजन के लिए धान, ढैंचा, उर्वरक और अन्य कृषि निवेश की व्यवस्था कर ली गई है। बीज वितरण ई-लॉटरी और पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। किसानों से जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदने और नैनो यूरिया व नैनो डीएपी के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई। बैठक में किसानों ने ताड़ीघाट नहर की सफाई, फसल बीमा क्षतिपूर्ति, खराब ट्यूबवेल, माइनर नहरों में पानी न पहुंचने और जीरो टिल सीड ड्रिल उपलब्ध कराने जैसी समस्याएं उठाईं।